स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, बिरसा मुंडा स्टेडियम में फुल ड्रेस परेड का पूर्वाभ्यास

सरायकेला-खरसवां, 13 अगस्त 2026 : स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने परेड का निरीक्षण किया तथा तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फुल ड्रेस परेड में जिला सशस्त्र बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), गृह रक्षा वाहिनी, एनएपी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), सरायकेला की एक-एक टुकड़ी ने भाग लिया। बैंड दल में केजीबीवी सरायकेला और राजनगर की किशोरियों ने सहभागिता की।
उपायुक्त ने मौसम की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए समारोह को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मैदान के समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल, वाहन पार्किंग समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल सभी दलों के प्रयासों की सराहना की और अनुशासन तथा बेहतर समन्वय के साथ परेड संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से कदम से कदम मिलाकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी-सह-नजारत उप समाहर्ता अमित कुमार, स्थानीय थाना प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।


