Categories

November 3, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

चांडिल में हुई प्रेस क्लब की बैठक, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा, फरवरी में होगी प्रेस क्लब के भवन का उद्घाटन

प्रेस क्लब के सदस्यों का समर्पण और परिश्रम सराहनीय : मनमोहन सिंह राजपूत

जिले के तमाम पत्रकार को एक मंच पर लाने में प्रेस क्लब सफल : विश्वरूप पांडा

चांडिल । शुक्रवार को चांडिल मेन रोड स्थित होटल राहुल पैलेस में प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला खरसावां के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत की अध्यक्षता में तिमाही बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन क्लब के कोषाध्यक्ष संजीव मेहता ने किया। इस अवसर पर बैठक से पूर्व स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा, सिदो – कान्हू, फूलो – झानो, तिलका मांझी आदि शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक को संबोधित करते हुए क्लब के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत ने कहा कि प्रेस क्लब के सदस्यों का समर्पण और परिश्रम सराहनीय है। पिछले कुछ वर्षों से प्रेस क्लब लगातार पत्रकारों के हित में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीद से कहीं ज्यादा क्लब के पत्रकार अपने काम के प्रति समर्पित हैं, इसी कारण काफी कम समय में हमने अनेकों उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न प्रखंड में कार्य कर रहे पत्रकारों को हर रोज परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। ऐसे पत्रकारों के साथ प्रेस क्लब हमेशा साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में प्रेस क्लब के वार्षिक पिकनिक सह सम्मान समारोह, प्रेस भवन का उद्घाटन, मेडिक्लेम आदि विषयों पर काम देखने को मिलेगा।

प्रेस क्लब के सदस्यता प्रभारी सह चांडिल अनुमंडल प्रभारी विश्वरूप पांडा ने कहा कि पत्रकारिता में हर कदम पर संघर्ष है। उन्होंने कहा कि आए दिन पत्रकारों के उपर हो रहे हमला, झूठे मुकदमे काफी चिंतनीय विषय है। इसलिए सभी पत्रकारों को एकजुट होकर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने के लिए जोरदार आंदोलन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में 21 दिसंबर को प्रेस और पुस्तक पंजीकरण अधिनियम 1867 कानून को निरस्त कर प्रेस एवं पत्रिका पंजीकरण विधेयक लागू करना केंद्र सरकार की सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का एक नए युग की सूत्रपात की संकेत अवश्य है लेकिन अफसोस है कि पत्रकार सुरक्षा कानून एवं पेंशन योजना लागू करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार गंभीर नहीं है। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कह देने मात्र से पत्रकारों का कल्याण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला खरसावां के उपलब्धियों की लंबी फेरहिस्त है, जिसकी सराहना आज पूरे राज्य में हो रही हैं। प्रेस क्लब की मजबूती के कारण आज जिले में पत्रकारों का मान सम्मान बढ़ा है। उन्होंने बताया कि आगामी 26 जनवरी को सरायकेला में प्रेस क्लब के वार्षिक पिकनिक सह मिलन समारोह मनाया जाएगा, जहां पत्रकारों को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, 19 फरवरी को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए भवन का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। आगामी मार्च माह में जिले के कुकडू में तिमाही बैठक की जाएगी।

बैठक के अंत में क्लब के संयोजक संतोष कुमार ने कहा कि क्लब के साथियों के साथ जब कठिनाई आई तब संगठन ने बढ़ चढ़कर सहयोग करने का कर्तव्य पालन किया है। क्लब के साथियों को भी चाहिए कि वे संगठन के प्रति समर्पित और ईमानदार रहें। उन्होंने कहा किपत्रकार निश्चिंत होकर अपना काम करें, आपके सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रेस क्लब हर लड़ाई लड़ने को तैयार है। इस दौरान प्रेस भवन के निमित्त क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष शुमंगल कुंडू उर्फ केबू कुंडू नव 5051 रुपये तथा विपिन वार्ष्णेय ने 5001 रूपये क्लब के कोषाध्यक्ष को सौंपा।
इस अवसर पर अरुण कुमार मांझी, संजीव मेहता, सुधीर गोराई, सुमंगल कुंडू, प्रकाश सिंह, विपिन वार्ष्णेय, रासबिहारी मंडल, खगेन महतो, रवि सेन, जगन्नाथ चटर्जी, परमेश्वर गोराई, फणीभूषन टुडू, कांग्रेस महतो, शंभू सेन, परमेश्वर साव, आशीष कुमार झा, कल्याण पात्र, दयाल लायक, सुमीत सिंह, बलराम पांडा, सन्तोष कुमार साहू, शशांक शेखर, शुभाष मुखर्जी, बानेश्वर महतो आदि मौजूद रहे।

About Author