प्रमण्डलीय आयुक्त की अध्यक्षता में एस. आई.आर. 2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर पंजीकृत राजनीतिक दल प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न

सरायकेला-खरसावां, 01,सितंबर, 2026, मंगलवार(भाग्य सागर)
समाहरणालय सभागार में रोल ऑब्जर्वर- सह- प्रमंडलीय आयुक्त, सिंहभूम (कोल्हान) रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर संचालित कार्यों की समीक्षा तथा पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। बैठक में सरायकेला विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, इचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह एवं पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसआईआर -2026 के निर्धारित कार्यक्रम एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जा चुका है तथा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 05 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। उन्होंने
एसआईआर के तहत किए जा रहे निर्वाचक सत्यापन, घर-घर भ्रमण, गणना प्रपत्र सूची के सत्यापन तथा दावा एवं आपत्ति से संबंधित कार्यों के प्रगति की जानकारी दी।
विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा एसआईआर -2026 से संबंधित शंकाएं एवं सुझाव रखे गए, जिन्हें संबंधित पदाधिकारियों द्वारा समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी दी गई तथा प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा प्रशासन के साथ आवश्यक समन्वय एवं सहयोग करने की अपेक्षा की गई।
प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने कहा एसआईआर -2026 की प्रक्रिया में बी. एल. ओ. एवं बीएलए-2 की भूमिका महत्वपूर्ण है, उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा के अनुरूप शेष कार्यों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने जिलेवासियों से एसआईआर -2026 की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं को सत्यापन अथवा दावा-आपत्ति से संबंधित सूचना प्राप्त हुई है, वे निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के भीतर संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर आवश्यक सत्यापन एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा
एसआईआर की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रशासन, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलओ, बीएलए 2 एवं आम मतदाताओं का आपसी समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है, सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय सहभागिता निभाते हुए शेष कार्यों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप ससमय पूर्ण कराने में सहयोग की अपील की।
सरायकेला विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने विशेषकर शहरी क्षेत्रों में निर्वाचकों के सत्यापन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल न हो तथा कोई भी योग्य मतदाता निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित करने पर बल दिया।
समीक्षा बैठक के उपरांत प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम द्वारा सरायकेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड कार्यालय, सरायकेला मे निरीक्षण कर एसआईआर -2026 के तहत दावा एवं आपत्ति से संबंधित हियरिंग एवं जनसुनवाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं पदाधिकारियों से प्राप्त दावा एवं आपत्तियों, उनके सत्यापन तथा अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली।
प्रमंडलीय आयुक्त ने हियरिंग एवं जनसुनवाई के दौरान दावा एवं आपत्ति रखने वाले मतदाताओं की बातों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनते हुए आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्रवाई की जाए।


