Categories

November 2, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

कांदरबेड़ा के पास घटी सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई.

टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर शुक्रवार को अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा के पास घटी सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई. दुर्घटना में लगभग एक दर्जन यात्री जख्मी हो गए हैं. इनमें सात का इलाज एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में चल रहा है. कांदरबेड़ा के पास तेज रफ्तार बस ने आगे चले रहे एक ट्रेलर को जोरदार धक्का मार दिया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से चांडिल थाना की पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. वहीं पुलिस ने बस पर सवार अन्य यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया. विदित हो कि बुधवार की देर रात भी एनएच 33 पर चौका थाना के उरमाल के पास दुर्घटना में एक चालक की मौत हो गई थी.दुर्घटना के संबंध में जानकारी देते हुए चांडिल थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के नवादा जिला अंतर्गत नरहर थाना के इब्राहिमपुर के निवासी लगभग 40 वर्षीय देवेंद्र यादव और नवादा जिले के ही लगभग 85 वर्षीय जयरानी देवी के रूप में किया गया है. वहीं एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहे घायलों में 40 वर्षीय शिव कुमार वर्मा, 38 वर्षीय पूनम वर्मा, 14 वर्षीय गुनगुन वर्मा उर्फ पीहू वर्मा, 9 वर्षीय प्रतीक वर्मा, लगभग 42 वर्षीय मधु कुमारी, 8 वर्षीय अंश वर्मा, 10 वर्षीय अनमोल वर्मा शामिल हैं. सभी जख्मी बिहार के नवादा जिले के हिसुआ थानांर्गत हिसुआ के रहने वाले हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है.बिहार के नवादा से जमशेदपुर जा रही शिव शक्ति नामक बस चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा के पास सड़क पर आगे चल रहे एक ट्रेलर को जोरदार धक्का मार दिया. इस घटना में बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. बस के केबिन में बैठे यात्री बस के अंदर ही फंस गए. इसकी सूचना पाते ही चांडिल थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बस के अंदर फंसे यात्रियों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. इसके बाद उन्होंने घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजवाया और बस पर सवार अन्य यात्रियों को दूसरे वाहनों से जमशेदपुर भेजा. थाना प्रभारी ने बताया कि हो सकता है कि बस के चालक को सुबह के वक्त नींद की झपकी लगी हो और इस दौरान घटी हो. दुर्घटना के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया. उन्होंने बताया कि दो घायलों की स्थित बेहद नाजुक है. बताया जा रहा है कि बस पर 42 यात्री सवार थे.

About Author