Chandil : चिलगू पुनर्वास स्थल पर आध्यात्मिक उल्लास के साथ होगा अंग्रेज़ी नववर्ष 2026 का स्वागत…

. बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)
सरायकेला : चाण्डिल थाना क्षेत्र की चिलगू पुनर्वास स्थल के सनातन धर्मावलंबियों ने अंग्रेज़ी नववर्ष 2026 के स्वागत को आध्यात्मिक स्वरूप देने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर सनातन धर्म प्रचारक समिति, चिलगू के तत्वावधान में 31 दिसंबर की संध्या 6 बजे से नववर्ष आगमन तक श्रीहरि नाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जाएगा।
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, देशभर में अंग्रेज़ी नववर्ष को उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा प्रचलित है, किंतु चिलगू में इसे आध्यात्मिक चेतना और भक्ति भाव के साथ मनाने की एक नई पहल की जा रही है। इस आयोजन का उद्देश्य नववर्ष का स्वागत ईश्वर-स्मरण, भजन और संकीर्तन के माध्यम से करना है।
श्रीहरि नाम संकीर्तन में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित संकीर्तन मंडलियाँ भाग लेंगी। इनमें कांड्रा थाना क्षेत्र के डुमरा से अमित मंडल, सालगाडीह से वसुंधरा संकीर्तन मंडली, डिमना (जमशेदपुर) से राधा गोविंद बालिका संप्रदाय, मानगो (जमशेदपुर) से जयगुरु संकीर्तन मंडली तथा चिलगू से राधा कृष्ण बालिका संप्रदाय प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सनातन धर्म प्रचारक समिति के सदस्य आकाश लोहार एवं ननि गोपाल गोप ने चिलगू ग्रामवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
यह आयोजन न केवल नववर्ष के स्वागत का एक वैकल्पिक और सार्थक माध्यम प्रस्तुत करता है, बल्कि समाज में आध्यात्मिकता, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक प्रेरणादायी प्रयास है।
