गोमिया के पूर्व विधायक माधव लाल सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

गोमिया के पूर्व विधायक और बिहार-झारखंड के पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह का अंतिम संस्कार गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। बोकारो नदी के साड़म स्थित तट पर उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ उनके प्रति लोगों के अगाध प्रेम और सम्मान को दर्शा रही थी।
राजकीय सम्मान के साथ विदाई श्मशान घाट पर सशस्त्र बलों के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को सलामी दी। जैसे ही राजकीय सम्मान की औपचारिकताएं पूरी हुईं, पूरा क्षेत्र “माधव लाल अमर रहें” और “गोमिया का लाल कैसा हो, माधव लाल जैसा हो” के नारों से गूंज उठा। अपने प्रिय नेता की अंतिम विदाई देख समर्थकों और क्षेत्रवासियों की आंखें नम थीं।

ये लोग रहे मौजूद अंतिम संस्कार के दौरान राज्य सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर, कुमार महेश सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष रतनलाल मांझी और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर माधव लाल सिंह को इलाके में गरीबों के मसीहा और जन सरोकारों से जुड़े नेता के रूप में पहचाना जाता था। उनके निधन से गोमिया समेत पूरे बोकारो जिले में शोक की लहर व्याप्त है। अंतिम यात्रा में मौजूद भीड़ ने यह सिद्ध कर दिया कि वे वास्तव में एक जननेता थे। मौके पर एसडीपीओ बेरमो, बीडीओ गोमिया और सीओ सहित कई वरीय अधिकारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बुधवार को हुआ था निधन उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह का निधन बुधवार को रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया था। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनके निधन की खबर से ही समर्थकों में मायूसी छा गई थी।
