Categories

Recent Posts

November 3, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

31 से 4 फरवरी तक कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानिए बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली। मंगलवार को मौसम विभाग ने कई राज्‍यों में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे लग रहा है अभी ठंड से निजात मिलने वाली नहीं है। बता दें कि, देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।हालांकि कुछ दिनों से ठंड से थोड़ी राहत मिली है। यहां तक कि देश की राजधानी दिल्ली में भी 1-2 दिनों से राहत की धूप निकल रही है। लेकिन सुबह में घना कोहरा छाया रहता है और शाम में भी ठंड लगती है। वहीं मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्‍यों में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने हल्‍के से मध्‍यम स्‍तर की बारिश की संभावना जताई है, जिससे ठंड बढ़ने और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने का पूर्वानुमान जताया है। IMD के अनुसार यूपी और पंजाब में अभी कोल्‍ड वेव का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। IMD ने कहा है कि हमें उम्मीद है कि 31 जनवरी को दिल्ली में बहुत हल्की, शायद कुछ हल्की बारिश या बहुत हल्की गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी।मौसम विभाग की मानें तो दिल्‍ली, हरियाणा, यूपी, पंजाब, चंडीगढ़, नॉर्थ राजस्थान, बिहार, झारखंड, पूर्वोत्तर मध्‍य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्‍क‍िम के हिस्सों में न्‍यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्‍सि‍यस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पंजाब में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है, तो वहीं यूपी और बिहार में अगले 24 घंटे के भीतर दिन के वक्‍त भी कोहरा छाये रहने की संभावना जताई है।स्काइमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटे में गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है।इसके अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की बारिश संभव है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों और राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में सुबह और रात के दौरान घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

बिहार, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। बिहार के कुछ हिस्सों में और उत्तराखंड में एक या दो स्थानों पर ऐसी स्थितियां संभव हैं।

About Author