Categories

Recent Posts

November 3, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

रांची में 1 सितंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, जानें कब से शुरू होगी अभ्यर्थियों की एंट्री

Agniveer Bharti 2026 Update: रांची में आगामी 1 सितंबर से शुरू होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली 2026 के सुचारू और सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान रांची के उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। बैठक में मौजूद सैन्य अधिकारी एमके शर्मा ने जानकारी दी कि यह भर्ती प्रक्रिया 1 सितंबर से प्रारंभ होकर लगभग 12 से 13 दिनों तक संचालित होगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया रात 12 बजे से शुरू कर दी जाएगी। रात के समय अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए रैली स्थल पर पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग), जनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, अनाउंसमेंट के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम, हाई-स्पीड इंटरनेट और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीसी ने दिए निर्देश

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पिछले वर्ष की तर्ज पर इस बार भी सभी तरह के इंतजाम समय रहते और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि मैदान में पर्याप्त मेडिकल सुविधाएं, एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम और इमरजेंसी मेडिकल केयर की व्यवस्था रहे ताकि शारीरिक दक्षता परीक्षा या दौड़ के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी का स्वास्थ्य बिगड़े, तो उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जा सके। इसके अलावा, मौसम की अनिश्चितताओं को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, विश्राम स्थल, बैरिकेडिंग, आवश्यकतानुसार कारपेट और उम्मीदवारों के बैठने व सुरक्षित ठहराव के लिए व्यवस्थित वेटिंग एरिया बनाने का आदेश दिया गया है।

बैठक में ये रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सदर एसडीओ कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला शिक्षा अधीक्षक (DSSE), जिला खेल पदाधिकारी के साथ-साथ सदर डीएसपी और ट्रैफिक डीएसपी समेत प्रशासन व सेना के कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply