Categories

October 26, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

चौका थाना के नए प्रभारी बने संजीव कुमार सिंह, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करना प्राथमिकता…

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना में रविवार को पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने नए थाना प्रभारी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।

जिला पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए स्थानांतरण के तहत संजीव कुमार सिंह को खरसावां थाना से स्थानांतरित कर चौका थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया।

थाना प्रभारी ने कहा कि संगठित अपराध, चोरी और छिनतई जैसी आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस गश्त को प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए पुलिस के सूचना तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना है। इसके लिए पुलिस टीम को सक्रियता के साथ कार्य करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाएगा।

संजीव कुमार सिंह इससे पूर्व आरआईटी थाना प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पूर्व अनुभव का लाभ चौका थाना क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने में मिलने की उम्मीद है।

नए थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से अपराध की रोकथाम में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से असामाजिक तत्वों अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की और कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पदभार ग्रहण के दौरान चौका थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने नए थाना प्रभारी का स्वागत किया।

About Author

Leave a Reply