Seraikella : उपायुक्त द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को सख्त निर्देश…

.
बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)
सरायकेला : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुँचे नागरिकों ने अपनी समस्याएँ एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। उपायुक्त ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आज प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से—परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को देखते हुए बी.पी.एल. राशन कार्ड को अंत्योदय कार्ड में रूपांतरित करने, सरायकेला एवं कुकड़ू अंचल में भूमि की ऑनलाइन प्रविष्टि को पंजी-2 में दर्ज कराने, नगर निगम आदित्यपुर के वार्ड संख्या 5 में नाली एवं सड़क पर अतिक्रमण की शिकायत, तथा सरायकेला अंचल के वृद्धाश्रम के समीप सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। इसके साथ ही अन्य जनसमस्याओं से संबंधित कई आवेदन भी दर्ज किए गए।
उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाना और तय समय सीमा में सेवाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करें और निर्धारित अवधि के भीतर समाधान रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
#PublicGrievanceRedressal #SeraikelaKharsawan #DistrictAdministration #PublicService #GoodGovernance #Transparency #CitizenSupport #WeeklyJanataDarbar
